टीईटी अनिवार्यता के खिलाफ शिक्षकों का प्रदर्शन, 18 अप्रैल को प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान

भोपाल। मध्य प्रदेश में टीईटी को अनिवार्य किए जाने के खिलाफ शिक्षकों का विरोध तेज हो गया है। राजधानी भोपाल स्थित डीपीआई कार्यालय के बाहर बुधवार को बड़ी संख्या में शिक्षकों ने प्रदर्शन किया।
शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार, वर्ष 2009 से पहले भर्ती हुए और जिनकी सेवा में अभी पांच साल से अधिक का समय शेष है, उनके लिए टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य कर दिया गया है।
प्रदर्शनकारी शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों पर इस तरह की शर्त लगाना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर करे, जिससे पुराने शिक्षकों को राहत मिल सके।
शिक्षकों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने 18 अप्रैल को प्रदेशव्यापी आंदोलन करने का ऐलान किया है। प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर भी शिक्षकों ने इस फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया।



