एक महीने से सूखे नल, सड़कों पर उतरे लोग: रायपुर में पानी संकट पर उबाल, निगम को 3 दिन की चेतावनी

रायपुर। राजधानी रायपुर में पानी की किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन के नेतृत्व में कापा, नहरपार, डबरीपार, गणेशनगर और चंडीनगर समेत कई इलाकों के लोगों ने जोन क्रमांक 9 कार्यालय का घेराव किया। एक महीने से जल आपूर्ति ठप रहने से हालात गंभीर हो गए हैं और नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
नगरवासियों ने आरोप लगाया कि नियमित टैंकर नहीं भेजे जा रहे, जिससे संकट और गहरा गया है। महिलाओं ने बताया कि उन्हें रोज दूसरे घरों से पानी लाना पड़ रहा है और कई बार पीने के पानी के लिए भी जूझना पड़ता है। लोगों ने टैंकरों की संख्या बढ़ाने और पाइपलाइन से नियमित सप्लाई बहाल करने की मांग की है।
नगर निगम को चेतावनी देते हुए श्रीकुमार मेनन ने कहा कि जोन 9 में पाइपलाइन से पानी पूरी तरह बंद है और केवल चार टैंकरों से काम नहीं चल सकता। कम से कम 10 टैंकर तत्काल लगाए जाएं और तीन दिन के भीतर पाइपलाइन सप्लाई शुरू की जाए, नहीं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने कहा कि शहर के अधिकांश वार्ड पानी संकट से जूझ रहे हैं और प्रशासन समस्या को हल करने में विफल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
जोन कमिश्नर राकेश शर्मा ने कहा कि स्थिति को देखते हुए प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त टैंकर भेजने के निर्देश दिए गए हैं और लोगों को राहत देने की कोशिश की जा रही है।



