मुख्यमंत्री ने भर्ती परीक्षाओं की समीक्षा की, पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के दिए निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर प्रदेश में आयोजित हो रही विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की व्यापक समीक्षा की। बैठक का उद्देश्य भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराना रहा। बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा कठिन परिश्रम और समर्पण के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, इसलिए यह सुनिश्चित करना शासन की जिम्मेदारी है कि उनके साथ किसी प्रकार का अन्याय न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाएं और परीक्षा प्रणाली को वर्तमान चुनौतियों के अनुरूप अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षाओं की शुचिता पर कोई प्रश्नचिह्न न लगे, इसके लिए पारदर्शिता बढ़ाने से जुड़े सभी उपायों पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में सुधार सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे चयन प्रणाली अधिक सरल, न्यायोचित और समयबद्ध बनेगी। बैठक में पुलिस बल सहित विभिन्न विभागों में चल रही भर्ती प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की गई और चयन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में समान अहर्ता वाले पदों के लिए अलग-अलग विभागों द्वारा पृथक परीक्षाएं आयोजित किए जाने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। समान पात्रता वाले पदों के लिए संयुक्त भर्ती परीक्षा आयोजित करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया, जिससे समय और संसाधनों की बचत के साथ विभागों को समय पर मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षा प्रणाली को और अधिक समकालीन, पारदर्शी और अभ्यर्थी हितैषी बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम को वर्तमान आवश्यकताओं और समसामयिक विषयों के अनुरूप अधिक प्रासंगिक बनाने पर भी मंथन किया गया।



