मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य कर्मचारी संघ के अष्टम प्रदेश अधिवेशन को संबोधित किया, महंगाई भत्ता 55 से बढ़ाकर 58 प्रतिशत करने की घोषणा

रायपुर, 11 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत, निष्ठा तथा अनुशासन से ही शासन की नीतियां तथा योजनाएं धरातल पर साकार होती हैं। कर्मचारी शासन-प्रशासन की रीढ़ होते हैं तथा उनकी ईमानदारी, कर्मठता और संवेदनशीलता से ही सरकार के निर्णय वास्तविक रूप में जनता तक पहुंचते हैं। उन्होंने यह बात राजधानी रायपुर के रोहिणीपुरम स्थित सरस्वती शिक्षा संस्थान परिसर में राज्य कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित त्रैवार्षिक अष्टम प्रदेश अधिवेशन को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने अधिवेशन में शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय की घोषणा करते हुए महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़ाकर केंद्र सरकार के समान 58 प्रतिशत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच यह निर्णय कर्मचारियों को वास्तविक राहत प्रदान करेगा तथा सरकार की कर्मचारी-हितैषी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
श्री साय ने कहा कि यह अधिवेशन संगठनात्मक विचार-विमर्श के साथ ही सुशासन के संकल्प को सुदृढ़ करने का सशक्त अवसर है। जब सरकार तथा कर्मचारी कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं, तभी विकास का मार्ग प्रशस्त होता है तथा शासन व्यवस्था अधिक सशक्त बनती है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में सरकार ने कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। स्थानांतरण नीति, पदोन्नति प्रक्रिया तथा कार्यस्थल संबंधी व्यवस्थाओं में सुधार कर प्रशासन को अधिक पारदर्शी, सुचारु तथा कर्मचारी-अनुकूल बनाया गया है। सुशासन एवं अभिसरण विभाग के गठन से जन-विश्वास आधारित शासन तंत्र को और मजबूती मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेंशन, ग्रेच्युटी तथा अन्य सेवानिवृत्ति लाभों के समयबद्ध भुगतान पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि सेवानिवृत्ति के समय कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। छत्तीसगढ़ पेंशन फंड की स्थापना तथा पेंशन फंड विधेयक को विधानसभा से पारित कर राज्य ने इस दिशा में मजबूत विधायी आधार प्रदान किया है।
उन्होंने बताया कि ई-ऑफिस, ऑनलाइन सेवाओं तथा तकनीकी नवाचारों के माध्यम से कर्मचारियों की कार्यक्षमता को सशक्त बनाया गया है तथा प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास कार्यक्रमों के जरिए उन्हें बदलते समय के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।



