तीन महीने में उजड़ गई दुनिया: पहले बड़ी बेटी को खोया, अब हादसे ने पति और दूधमुंही बच्ची को छीना

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित मंगल कार्बन प्लांट में हुए हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह से तबाह कर दिया है। इस दुखद घटना में एक नौ महीने की मासूम बच्ची और उसके पिता की मौत हो गई है, जबकि परिवार के बुजुर्ग सदस्य वेंटिलेटर पर जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शिव खड़िया और उनकी पत्नी उदासिनी खड़िया आर्थिक तंगी के कारण अपनी नौ महीने की बेटी भूमि को साथ लेकर प्लांट में मजदूरी करने जाते थे। हादसे के वक्त बच्ची पास ही लेटी हुई थी, तभी वह इसकी चपेट में आ गई। मंगलवार को इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। अभी परिजन बच्ची का अंतिम संस्कार कर लौटे ही थे कि देर रात पिता शिव खड़िया की भी मौत हो गई। इसी हादसे में घायल एक अन्य 19 वर्षीय युवक ने भी दम तोड़ दिया है।
पीड़ित परिवार के लिए यह वज्रपात जैसा है, क्योंकि महिला ने महज तीन महीने पहले ही अपनी तीन साल की बड़ी बेटी को खोया था। अब पति और छोटी बेटी के चले जाने से पूरा परिवार बिखर गया है। अस्पताल के वार्ड में महिला का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे ने औद्योगिक सुरक्षा और गरीब मजदूरों की मजबूरी पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


