छत्तीसगढ़ के 1.41 लाख किसानों को 152 करोड़ से अधिक की फसल बीमा राशि जारी…

रायपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 1 लाख 41 हजार से ज्यादा किसानों को ₹152 करोड़ 84 लाख की बीमा दावा राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई। यह राशि फसल नुकसान की भरपाई के साथ किसानों को आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान करेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में यह योजना किसानों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच साबित हो रही है।
सीएम साय ने बताया कि देशभर में आज 30 लाख से अधिक किसानों को ₹3,200 करोड़ से ज्यादा की बीमा राशि का लाभ मिला है। उन्होंने कहा,
“अन्नदाताओं की रक्षा और उनकी खुशहाली हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। केंद्र सरकार के मार्गदर्शन से किसानों की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता का रास्ता और भी मजबूत हुआ है।”
उन्होंने आश्वासन दिया कि छत्तीसगढ़ सरकार, केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शिता और तेजी से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि राज्य के किसान आर्थिक रूप से सशक्त बनते हुए आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ सकें।