मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रमिक महासम्मेलन में दीदी ई-रिक्शा और मेधावी छात्राओं से की संवाद

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कई योजनाएं संचालित कर रही है। इसी क्रम में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित श्रमिक महासम्मेलन में मुख्यमंत्री ने दीदी ई-रिक्शा चालक भुनेश्वरी साहू और मनोज कुमार साहू से संवाद किया।
दीदी ई-रिक्शा योजना से भुनेश्वरी का जीवन बदला...
भुनेश्वरी साहू ने बताया कि पहले वह रेजा कुली का काम करती थीं। दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत अब वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं और बच्चों की पढ़ाई भी अच्छी तरह से करवा रही हैं। उन्होंने सरकार की इस योजना के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया।

मेधावी छात्रा को मिली मुख्यमंत्री नोनी बाबू योजना की सहायता...
मनोज कुमार साहू ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी भूमिका साहू ने कक्षा 10 में टॉप 10 में स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत उन्हें 1 लाख रुपये और स्कूटी के लिए अलग से सहायता राशि प्रदान की गई। मनोज साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि श्रमिक परिवारों और उनके बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए सशक्तिकरण का माध्यम हैं। उन्होंने सभी श्रमिकों को अपनी मेहनत और ईमानदारी से जीवन को सशक्त बनाने का संदेश भी दिया।



