कोकिया नदी पर बनेगा उच्च स्तरीय पुल, दर्जनों गांव होंगे विकास की मुख्यधारा में शामिल

जशपुर। भालूमुंडा से खेजूरघाट मार्ग पर कोकिया नदी पर लगभग 3.32 करोड़ रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इससे बारिश के दिनों में सुगम आवागमन, शिक्षा, कृषि, व्यापार और चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाओं तक बेहतर पहुँच सुनिश्चित होगी। निर्माण पूरा होने के बाद यात्रा की दूरी और समय में कमी आएगी, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और लोगों का जीवन स्तर सुधरेगा।
दर्जनों गांव विकास की मुख्यधारा में होंगे शामिल...
पुल का निर्माण होने से फरसाबहार ब्लॉक के कोरंगामाल, भालूमुंडा, पेटामेरा, अंकिरा, खरीबहार, जुड़वाइन, सागजोर, परेवाआरा जैसे दर्जनों गांव सीधे ओडिशा राज्य से जुड़ेंगे। वहीं रेडेघाट, सोनाजोरी, बनखेता, माटीहेजा जैसे गांव विकासखंड मुख्यालय से सीधे जुड़ जाएंगे और क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी।
बरसात में सुरक्षित और सुगम आवागमन...
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में कोकिया नदी पार करना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। अक्सर पानी बढ़ जाने के कारण आवाजाही रुक जाती थी, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और कामकाजी लोगों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ता था। पुल बनने के बाद यह समस्या समाप्त होगी और ग्रामीण सुरक्षित व सुगम आवागमन का लाभ उठा पाएंगे।
क्षेत्र वासियों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह पुल गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगा।