टी20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान टीम को खेलने की मंजूरी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच से बनाई दूरी

इस्लामाबाद। पाकिस्तान सरकार ने वर्ष 2026 में होने वाले आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में अपनी क्रिकेट टीम की भागीदारी को हरी झंडी दे दी है। हालांकि, सरकार ने इस मंजूरी के साथ एक बड़ी शर्त रखी है कि पाकिस्तानी टीम टूर्नामेंट के दौरान 15 फरवरी को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में हिस्सा नहीं लेगी।
पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से जारी सूचना के अनुसार, देश की क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप में शामिल होने की अनुमति दी गई है, लेकिन वे भारत के विरुद्ध होने वाले मुकाबले से दूर रहेंगे। राजनैतिक जानकारों का मानना है कि यह निर्णय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को आर्थिक रूप से प्रभावित करने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है। हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने आईसीसी पर बीसीसीआई के दबाव में काम करने का आरोप लगाया था।
यह घटनाक्रम पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी की उच्च स्तरीय बैठक के बाद सामने आया है। दरअसल, पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में अपनी भागीदारी पर पुनर्विचार तब शुरू किया जब आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का फैसला किया। गौरतलब है कि बांग्लादेश ने भारत दौरे से इनकार कर दिया था, जिसके बाद आईसीसी ने यह कड़ा कदम उठाया।
वर्तमान स्थिति में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, आईसीसी को अब तक पीसीबी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक या लिखित सूचना नहीं मिली है। नियमों के अनुसार, आईसीसी किसी भी प्रकार की कार्रवाई या प्रतिबंध का फैसला तभी करेगा जब उसे बोर्ड की ओर से औपचारिक जानकारी दी जाएगी। फिलहाल इस पूरे मामले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) या आईसीसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



