500% मुनाफे का लालच देकर डॉक्टर से ठगे थे 3 करोड़, जबलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जबलपुर। शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर 3 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहित पटेल के रूप में हुई है। इस प्रकरण में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कार्रवाई साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने की है।
पुलिस के अनुसार, पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी संस्कार केशरवानी और सौरभ विश्वकर्मा से पूछताछ में मोहित पटेल का नाम सामने आया था। आरोपियों ने निवेश पर 500 प्रतिशत तक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक डॉक्टर से ठगी की थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने यस बैंक में करंट अकाउंट खुलवाकर उसे कमीशन के बदले साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसके जरिए ठगी की रकम का लेनदेन किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मोहित पटेल गुमास्ता, एमएसएमई और आयकर से संबंधित दस्तावेज तैयार करने का काम करता है। उसके खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।
फिलहाल क्राइम ब्रांच और साइबर सेल आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।



