रायपुर में संदिग्ध बम सामग्री मिलने से हड़कंप, इलाके में हाई अलर्ट

रायपुर। राजधानी के रावाभाठा इलाके में संदिग्ध बम बनाने की सामग्री मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। वार्ड नंबर 13 स्थित एक घर से तार, संदिग्ध केमिकल और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद होने की बात सामने आई है।
सूचना मिलते ही पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों की आवाजाही भी रोक दी गई है।
मामला रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस मौके से मिले सामान की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि सामग्री किस उद्देश्य से रखी गई थी।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।



