दूरस्थ गांवों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवा: जटवर में लगा ‘सुशासन एक्सप्रेस’ शिविर, 107 ग्रामीणों का हुआ उपचार

नारायणपुर। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत घमंडी के आश्रित ग्राम जटवर में दो दिवसीय सुशासन एक्सप्रेस कार्यक्रम के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में जटवर, घमंडी, कोगालीं, ओरछापार, कारकाबेड़ा, हिकोनार, गोडेलेमाका और वाडापेंदा गांवों के लोग शामिल हुए। दो दिनों तक चले इस शिविर में कुल 107 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
स्वास्थ्य जांच के दौरान 84 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिनमें से 15 मरीज पॉजिटिव पाए गए। इसके अलावा टीबी स्क्रीनिंग, रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन और नेत्र जांच भी की गई। गर्भवती महिलाओं की विशेष एएनसी जांच कर उन्हें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी सलाह दी गई।

शिविर में मौसमी बीमारियों जैसे सर्दी-खांसी, बुखार, खुजली, दस्त, कमजोरी और शरीर दर्द से पीड़ित ग्रामीणों का उपचार किया गया। साथ ही लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देते हुए 80 ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।
इस स्वास्थ्य शिविर में 10 सदस्यीय मेडिकल टीम ने अपनी सेवाएं दीं। इसमें डॉ. बृजनंदन बनपुरिया, राजीव सिंह, डॉ. हेमेंद्र जुरी, प्रदीप देवांगन, सूरज साहू, रामनाथ उसेंडी, जयसिंह मांझी, नकुल पोटाई, कमलेश कुमार नाग और कु. चंद्रिका गोटा शामिल थे। शिविर का संचालन उप स्वास्थ्य केंद्र वाडापेंदा के माध्यम से किया गया।
दो दिवसीय सुशासन एक्सप्रेस कार्यक्रम से ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हुईं। इससे न केवल लोगों को समय पर उपचार मिला, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ी। यह पहल दूरस्थ गांवों तक शासन की सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।



