सरगुजा में जिला स्तरीय किसान मेला: नवाचार, तकनीकी ज्ञान और कृषि योजनाओं का मंच

सरगुजा जिले में कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुधन विकास विभाग और मत्स्य पालन विभाग के संयुक्त प्रयास से आज कृषि विज्ञान केन्द्र अजिरम, अम्बिकापुर में जिला स्तरीय किसान मेला आयोजित किया गया। इस मेले में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगे, जिनमें किसानों को नई योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों और कृषि नवाचारों की जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में किसान कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
फसल विविधीकरण से बढ़ेगा लाभ...
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को फसल विविधीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पारंपरिक धान की खेती की तुलना में गन्ना, सब्जी और उद्यानिकी फसलों से अधिक लाभ प्राप्त किया जा सकता है। उदाहरण स्वरूप, धान में एक रुपए की लागत पर 50 पैसे का लाभ मिलता है, जबकि गन्ने की खेती में एक रुपए की लागत पर 75 पैसे का लाभ हासिल होता है।
हितग्राहियों को सामग्री का वितरण...
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत 5 किसानों को टमाटर के ग्राफ्टेड पौधे, 5 किसानों को सरसों बीज मिनीकिट, 5 किसानों को स्वॉयल हेल्थ कार्ड और बीमा पॉलिसी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। साथ ही, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 7 लाभार्थियों को आईस बॉक्स और मछली पकड़ने के जाल वितरित किए गए। कार्यक्रम में ए-हेल्प पुस्तक का विमोचन भी किया गया।

जैविक खेती और पशुपालन पर जोर...
पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने किसानों से जैविक खेती अपनाने, रासायनिक खादों का कम उपयोग और मृदा पोषण बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पशुधन विकास विभाग के माध्यम से कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम को गति दी जा रही है, जिससे 90 प्रतिशत बछिया प्राप्त होने की संभावना बढ़ी है। किसानों को मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
किसान मेला: नवाचार और तकनीकी ज्ञान का मंच...
सांसद सरगुजा चिंतामणि महाराज ने कहा कि यह मेला किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और आधुनिक तकनीक अपनाने का अवसर प्रदान करता है। लूण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि किसान मेला कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी और मत्स्य पालन में नवाचार को प्रोत्साहित करने का मंच है।

कलेक्टर ने किसानों से कहा कि 15 नवम्बर से धान की खरीदी प्रारंभ होगी और इस दौरान बैंक संबंधी सतर्कता बरतना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि बैंक पासबुक का स्टेटमेंट हर 15 से 30 दिनों में जांचें, ताकि किसी भी अनियमितता का तुरंत पता चल सके।
सम्मान और प्रेरणा...
किसान मेले में जिले के सर्वश्रेष्ठ पशुपालकों को सम्मानित किया गया। मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने, आत्मनिर्भर बनने और कृषि क्षेत्र में नवाचार करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सरगुजा के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य, कृषि स्वामित्व समिति की अध्यक्ष, पूर्व हस्तशिल्प बोर्ड अध्यक्ष, कृषि मंत्री के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित थे।