सरगुजा: नशे में धुत शिक्षक स्कूल पहुंचा, शराब पीने की बात स्वीकार की, उठक-बैठक कर माफी मांगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट ब्लॉक स्थित प्राइमरी स्कूल बालक वंदना में पदस्थ शिक्षक राज प्रताप सिंह शुक्रवार को शराब के नशे में स्कूल पहुंच गए। इस दौरान स्कूल की हेडमास्टर छुट्टी पर थीं और एक अन्य शिक्षक अनुपस्थित रहे, जिससे पहली से पांचवीं कक्षा के छात्रों की जिम्मेदारी नशे में धुत शिक्षक पर ही थी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है।
ग्रामीणों ने शिक्षक के नशे में होने की सूचना स्थानीय पत्रकारों को दी। पत्रकारों के स्कूल पहुंचने पर शिक्षक राज प्रताप सिंह ने शराब पीने की बात स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि उन्होंने मात्र 20 रुपए में आधी गिलास देसी शराब पी थी। अपनी गलती मानते हुए शिक्षक ने खुद को सजा देने के रूप में उठक-बैठक भी की।
स्कूल में 60 से अधिक छात्र नामांकित हैं, हालांकि शुक्रवार को उपस्थिति कम रही। वीडियो में शिक्षक नशे की हालत में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं और ढंग से बातचीत भी नहीं कर पा रहे थे।
मैनपाट ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) योगेश शाही ने मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और इसके लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। बीईओ ने बताया कि पूर्व में भी इस शिक्षक के खिलाफ शराब पीने की शिकायत मिली थी, जिस पर नोटिस जारी किया गया था। उस समय शिक्षक सुधर गए थे और सीएससी से रिपोर्ट भी मंगाई गई थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे मामलों से विभाग की छवि खराब होती है और निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।



