स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में सुकमा नगर पालिका परिषद को बस्तर संभाग स्तर पर विशेष सम्मान…

सुकमा। स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को साकार करते हुए सुकमा नगर पालिका परिषद ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में बस्तर संभाग स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। स्वच्छता के विभिन्न आयाम—शिकायतों का त्वरित निवारण, घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण, अपशिष्ट का वैज्ञानिक निपटान, शहर की सुंदरता और नागरिकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया—में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर परिषद को “विशेष श्रेणी पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान ‘स्वच्छता संगम 2025’ के भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने प्रदान किया। परिषद की ओर से मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.आर. कोर्राम, नपा उपाध्यक्ष भुवनेश्वरी यादव और स्वच्छता दीदियों ने मंच पर पहुंचकर प्रशस्ति-पत्र और सम्मान ग्रहण किया। यह पल सुकमा जिले के लिए गर्व और गौरव का प्रतीक बन गया।

जिला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने इस उपलब्धि पर नपा टीम, स्वच्छता दीदियों, सफाई कर्मियों और नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान निरंतर मेहनत, पारदर्शी कार्यशैली और जनसहयोग का नतीजा है। कलेक्टर ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सुकमा स्वच्छता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा।
सुकमा की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि इच्छाशक्ति, सामूहिक प्रयास और नागरिकों की भागीदारी से किसी भी शहर को स्वच्छता का आदर्श मॉडल बनाया जा सकता है। यह प्रदर्शन बस्तर संभाग के अन्य नगर निकायों के साथ-साथ पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है।