छत्तीसगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस पर छात्रों और युवाओं ने दिखाई जागरूकता

रायपुर| अंतर्राष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित नवीन विश्राम गृह में पोस्टर और इन्वायरोथान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त, वाणिज्य कर, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी थे। उन्होंने कहा कि ओजोन परत का संरक्षण केवल पर्यावरण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है। उन्होंने सभी को पर्यावरणीय चेतना अपनाने और ओजोन क्षरण पदार्थों के उपयोग से बचने का आह्वान किया।

भारतीय संस्कृति में पर्यावरण संरक्षण...
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि हमारी संस्कृति में विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चलते रहे हैं, जैसे पीपल पूजा, गोवर्धन पूजा आदि। उन्होंने कहा कि अब सस्टेनेबल डेवलपमेंट पर ध्यान देना आवश्यक है ताकि जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटा जा सके।
छत्तीसगढ़ में शिक्षा और कौशल विकास...
उन्होंने रायपुर में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) और राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईएफटी) के कैंपस की स्थापना का उल्लेख किया। साथ ही राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (निलेट) का स्थायी केंद्र भी प्रदेश में स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा, अजीज प्रेम जी स्कॉलरशिप के तहत शासकीय स्कूलों से 10वीं-12वीं पास छात्रों को प्रति वर्ष 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा...
- पोस्टर प्रतियोगिता: 550 बच्चों ने भाग लिया।
- 12-17 वर्ष वर्ग: कु. नेहा कोसले (बी.पी. पुजारी स्कूल) – प्रथम
- 18-22 वर्ष वर्ग: श्री रोहित कुमार साहू (शास. नागार्जुन विज्ञान महाविद्यालय) – प्रथम
- दिव्यांग वर्ग: श्री अनमोल पटले (शा. दिव्यांग महाविद्यालय) – प्रथम
- इन्वायरोथान प्रतियोगिता: 350 बच्चों ने भाग लिया।
- 12वीं तक वर्ग: श्री स्वर्णिम कुंज – प्रथम
- स्नातक वर्ग: कु. अनुष्का एक्का – प्रथम
- स्नातकोत्तर वर्ग: श्री निखिल कसेर – प्रथम

मंत्री ओ.पी. चौधरी ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया और इस वर्ष पुरस्कार राशि दोगुनी, अगले वर्ष तीन गुना करने की घोषणा की। कार्यक्रम में छात्रों को ओजोन परत संरक्षण हेतु शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर बड़े पैमाने पर छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।