छत्तीसगढ़ और गुजरात के स्टूडेंट ने साझा की सांस्कृतिक धरोहर

बिलासपुर। केंद्रीय विद्यालय में एक भारत- श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम केंद्रीय विद्यालय में एक भारत- श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को सांस्कृतिक आदान- प्रदान का अत्यंत विशिष्ट कार्यक्रम हुआ। छत्तीसगढ़ और गुजरात के स्टूडेंट ने सांस्कृतिक धरोहर को साझा किया।
केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा एक भारत-श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम द्वारा सांस्कृतिक समन्वय की अनुपम झांकी प्रस्तुत की जाती है।छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को गुजरात एवं गुजरात के विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ के विविधरंगी संस्कृति को सीखने, समझने एवं कलात्मक रूप से अभिव्यक्त करने का स्वर्णिम अवसर प्राप्त हुआ। इसी कड़ी में केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर एवं शाहीबाग गुजरात ने कल अपनी कला एवं संस्कृति को एक दूसरे से साझा किया।
शाहीबाग के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत को बहुत ही आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। उसके बाद बिलासपुर के विद्यार्थियों ने गुजरात के लोक नृत्य गरबा की अत्यंत विशिष्ट प्रस्तुति दी। प्रश्नमंच प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमे गुजरात के विद्यार्थियों से छत्तीसगढ़ से संबंधित प्रश्न व बिलासपुर के विद्यार्थियों ने गुजरात से संबंधित प्रश्न पूछे। कार्यक्रम में विविधरंगी भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत की गई एवं विविधता में सार्वभौमिक एकता की भारतीय सांस्कृतिक विशेषता को प्रस्तुत किया गया।
भारत विश्व का अनूठा देश है
प्राचार्य धीरेंद्र सांस्कृतिक समन्वय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर के प्राचार्य धीरेंद्र कुमार झा ने कहा कि भारत विश्व का अनूठा देश है, जहां अनेकानेक भाषभाषी, खानपान और रहन सहन के लोग रहते हैं। इस विविधता के अंतर्निहित एक सार्वभौमिक एकता है, जो देश को प्रेम व एकता के धागे में पिरोती है। आज का कार्यक्रम उसी तथ्य को प्रतिबिंबित करता है। कार्यक्रम समन्वयक सुनील पांडेय ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय लघु भारत को प्रतिबिंबित करता है। ये विद्यार्थी भविष्य में देश का नेतृत्व करेंगे।
बाक्स इनकी रही उपस्थिति उप प्राचार्य अर्चना मर्सकोले, तकनीकी प्रमुख डा.राजेश शर्मा ने अपनी टीम के सदस्यों संदीप साहू व अनन्या तिवारी के साथ अनवरत श्रम किया। कार्यक्रम का सफल संचालन 12वीं की छात्राओं अनुष्का व पलक ने किया और आभार प्रदर्शन व धन्यवाद ज्ञापन केन्द्रीय विद्यालय शाहीबाग के वरिष्ठ शिक्षक यू के झा ने किया। इस अवसर पर शिक्षक लक्ष्मण, सिद्दीकी, प्रियंका, जूही चक्रवर्ती, तारा यादव, सौमेन दास गुप्ता व विद्यार्थियों यामिनी साहू, आराध्या मिश्रा, लावण्या अनंत, अक्षय आनंद, राजवीर सिंह आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।