सूरजपुर में सड़क किनारे झुलसी हालत में मिली छात्रा की मौत, रायपुर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

सूरजपुर। जिले में जली हालत में मिली छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को अंबिकापुर से रायपुर रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के गोरखनाथपुर निवासी कक्षा 11वीं की छात्रा मोनिका सिंह पासन नाला के पास करीब 95 प्रतिशत जली हुई अवस्था में मिली थी। राहगीरों की सूचना पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने उसे तत्काल बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर छात्रा को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इस बीच कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए अधिकारियों को मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।



