डोंगरगांव में अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई, भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारी गिरफ्तार

डोंगरगांव। राजनांदगांव जिले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के पदभार संभालने के बाद अवैध शराब कारोबार और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में डोंगरगांव थाना क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध की गई ताजा कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा का जिला सोशल मीडिया प्रभारी अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम राजाखुज्जी में अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है। सूचना पर डोंगरगांव पुलिस ने दबिश देकर राजीव गिरी गोस्वामी उर्फ राजू गिरी गोस्वामी को मौके से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 69 पाव देशी शराब बरामद की गई। आरोपी लंबे समय से शराब कोचिया के रूप में सक्रिय था, जिससे क्षेत्र की महिलाएं विशेष रूप से परेशान थीं। कार्रवाई के बाद ग्रामीण महिलाओं ने पुलिस की तत्परता की सराहना की।
इसी दिन ग्राम साल्हे मार्ग पर की गई दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने नुतन कुमार सिन्हा को 35 पाव देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में कुल 104 पाव, लगभग 18.720 बल्क लीटर अवैध देशी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 8,320 रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर की गई। राजनीतिक पहचान के बावजूद आरोपी के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती गई, जिससे यह स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में कानून सभी के लिए समान है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों और अपराधियों में भय का माहौल बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि पिछले पखवाड़े में भी डोंगरगांव पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साढ़े पांच पेटी शराब, एक स्कूटी और लगभग 48.600 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह साफ हो गया है कि राजनांदगांव जिले में अवैध गतिविधियों के लिए अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।



