बालोद एसपी का सख्त एक्शन: आदेश की अवहेलना पर अर्जुन्दा थाना प्रभारी और आरक्षक निलंबित

बालोद। एसपी योगेश पटेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अर्जुन्दा थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू और आरक्षक पंकज तारम को निलंबित कर दिया है। दोनों पर आदेश की अवहेलना करने, अनुशासनहीनता और गैरजिम्मेदाराना आचरण का आरोप है।
एसपी योगेश पटेल ने 16 सितंबर 2025 को आरक्षक पंकज तारम का स्थानांतरण अर्जुन्दा थाना से गुंडरदेही थाना किया था, लेकिन थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू ने इस आदेश को न मानते हुए आरक्षक की रवानगी नहीं की। इससे नाराज एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी और आरक्षक दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया।
एसपी ने अपने आदेश में कहा कि आरक्षक के स्थानांतरण के बाद संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की रवानगी के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अर्जुन्दा थाना प्रभारी ने आदेश की अवहेलना की और कर्तव्यों में लापरवाही दिखाई। इसलिए दोनों को निलंबित कर रक्षित केन्द्र बालोद भेजा गया है। निलंबन अवधि में इन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।



