राज्य कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता, चंद्रखुरी में 14 जनवरी के बाद स्थापित होगी भगवान राम की नई प्रतिमा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के अष्टम प्रदेश अधिवेशन में राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों के हित में बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता दिया जाएगा। इसके तहत महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत किया गया है।
वहीं चंद्रखुरी स्थित माता कौशल्या मंदिर में भगवान श्रीराम की नई प्रतिमा स्थापना को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि प्रभु श्रीराम की नई प्रतिमा बनकर तैयार हो चुकी है और मूर्तिकार को पूरा भुगतान भी किया जा चुका है। यह प्रतिमा 14 जनवरी (मकर संक्रांति) के बाद रायपुर लाई जाएगी, जिसके पश्चात पूरे विधि-विधान के साथ चंद्रखुरी के कौशल्या माता मंदिर परिसर में इसकी स्थापना की जाएगी।
गौरतलब है कि भगवान राम का ननिहाल कहे जाने वाले चंद्रखुरी में कांग्रेस शासनकाल के दौरान स्थापित विशालकाय प्रतिमा के मुख और अनुपात को लेकर भाजपा ने आपत्ति जताई थी। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद पुरानी प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए ग्वालियर, मध्यप्रदेश के मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। भुगतान में देरी के कारण कार्य कुछ समय तक रुका रहा, लेकिन अब भुगतान पूर्ण होने के बाद प्रतिमा को लाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।



