भारतमाला सड़क पर रफ्तार का कहर: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, खाई में कार गिरने से दो की मौत

मस्तुरी. क्षेत्र के चार युवक शादी समारोह में शामिल होने के लिए कार से कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बेला कछार जा रहे थे, तभी उनकी कार उरगा प्लाजा टोल भारतमाला सड़क पर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम किरारी निवासी 30 वर्षीय राहुल राय, मस्तुरी निवासी 38 वर्षीय ढोलू अग्रवाल, विराट अग्रवाल और भोलाराम नामक युवक कार (क्रमांक सीजी 10 बीएफ 9922) में सवार होकर गुरुवार रात करीब 10 बजे बालको बारात जा रहे थे। उरगा थाना क्षेत्र स्थित परगट टोल प्लाजा के पास उनकी कार तेज रफ्तार में खाई में गिर गई। दुर्घटना के बाद कार के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और चारों युवकों को कार से बाहर निकाला। उन्हें शहर के निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने राहुल राय और ढोलू अग्रवाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि विराट और भोलाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मृतकों के शव को परिजनों के हवाले कर दिया और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।



