जहीर इकबाल संग रिश्ते पर बोलीं सोनाक्षी सिन्हा, कहा— काम overshadow न हो इसलिए रखा था सीक्रेट

सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल बॉलीवुड के चर्चित कपल हैं। दोनों ने कई साल की डेटिंग के बाद वर्ष 2024 में शादी की थी। हालांकि, अलग धर्म में शादी करने के कारण सोनाक्षी को काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। उन्हें अपने वेडिंग पोस्ट का कमेंट सेक्शन तक बंद करना पड़ा था।
सोहा अली खान के पॉडकास्ट में सोनाक्षी से पूछा गया कि उन्होंने शुरुआत में जहीर इकबाल संग अपने रिश्ते को सीक्रेट क्यों रखा। इस पर सोनाक्षी ने बताया कि रिश्ते को छिपाने की सबसे बड़ी वजह उनका काम था। उन्होंने कहा कि जब कोई महिला अभिनेता होती है तो अधिकतर चर्चाएं उसके रिश्तों पर केंद्रित हो जाती हैं।
सोनाक्षी ने कहा कि वह चाहती थीं लोग उनके काम के बारे में बात करें, न कि यह चर्चा हो कि वह किसे डेट कर रही हैं या किसके साथ दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कड़ी मेहनत की है और वह नहीं चाहती थीं कि उनका काम इन चीजों के बीच दब जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि जहीर के साथ अपने रिश्ते के बारे में उन्होंने लगभग तीन साल तक अपने माता-पिता को भी नहीं बताया था। वह नहीं चाहती थीं कि उनके पेरेंट्स को इस बारे में किसी और माध्यम से जानकारी मिले। इसलिए उन्होंने रिश्ते को सभी से छिपाकर रखा।
सोनाक्षी ने यह भी कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि जो लोग उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते भी नहीं हैं, वे उनकी शादी को लेकर इतने परेशान क्यों थे।


