छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौट रहा जवान लापता: बटालियन नहीं पहुंचा चिनौरी का लाल, परिजनों ने लगाई मदद की गुहार

कांकेर। कांकेर जिले में एक आर्मी जवान के लापता होने से इलाके में चिंता का माहौल है। बताया गया है कि जवान 11 जनवरी के बाद से परिवार के संपर्क में नहीं है और अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
जानकारी के अनुसार जवान जिले के चिनौरी गांव का निवासी है और छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था। परिजनों ने बताया कि उसने झांसी से 11 जनवरी को परिवार से आखिरी बार फोन पर बात की थी। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है और परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
परिजनों का कहना है कि छुट्टी समाप्त होने के बाद जवान को अपनी बटालियन में वापस ज्वाइन करना था, लेकिन उसने ज्वाइनिंग भी नहीं दी। इससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। संपर्क टूटने के बाद परिजनों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मदद की मांग की है।
घटना की जानकारी फैलने के बाद ग्रामीणों में भी चर्चा तेज हो गई है। लोगों ने जवान की सुरक्षित वापसी की कामना करते हुए प्रशासन से गंभीरता से खोजबीन करने की मांग की है। फिलहाल आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जिले में भारत तिब्बत सीमा पुलिस के एक जवान के लापता होने का मामला सामने आ चुका है, जिससे इस तरह की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और जवान का जल्द पता लगाया जाएगा।



