सरकारी योजनाओं में सुस्ती बर्दाश्त नहीं: दुर्ग में 16 सचिवों का वेतन कटा, रोजगार सहायक समेत तीन को कारण बताओ नोटिस

दुर्ग। जिला पंचायत सभा कक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद पंचायत धमधा के ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अनुपस्थित पाए गए धमधा क्षेत्र के 16 ग्राम पंचायत सचिवों के एक दिन का वेतन काटने के आदेश जारी किए गए, जबकि दो पंचायत सचिवों को नोटिस जारी किया गया।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, ग्राम संपदा ऐप, समर्थ पोर्टल, अटल डिजिटल सेवा केंद्र, स्वच्छ भारत मिशन, विभिन्न पेंशन योजनाओं तथा महतारी योजना के भुगतान और ट्रांजैक्शन प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की गई। योजनाओं की प्रगति, लंबित प्रकरणों और तकनीकी समस्याओं पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को समय सीमा में हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान कुछ पंचायत सचिवों के बैठक में अनुपस्थित रहने को कार्य के प्रति लापरवाही मानते हुए उनके एक दिवस के वेतन कटौती का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। फरवरी 2026 के वेतन से एक दिन की राशि काटी जाएगी।
इसके अलावा ग्राम पंचायत पंगबंधी के सचिव को समर्थ पोर्टल में कार्य नहीं करने पर निलंबन नोटिस जारी किया गया। ग्राम पंचायत रहटादाह के सचिव को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में लापरवाही के कारण कारण बताओ नोटिस दिया गया है। वहीं ग्राम पंचायत फुण्डा के रोजगार सहायक को भी प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के कार्य में लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।



