4.20 लाख के शिखर से गिरकर 2.28 लाख पर आई चांदी, जानें आगे का हाल

नई दिल्ली। अगर आप चांदी में निवेश करने की योजना बना रहे हैं तो फिलहाल सावधानी जरूरी है। बाजार विशेषज्ञों और हालिया आंकड़ों के मुताबिक चांदी के दाम में अभी और गिरावट आ सकती है।
पिछले 20 दिनों में चांदी की कीमत में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर 29 जनवरी को चांदी ने 4,20,000 रुपये प्रति किलोग्राम का उच्च स्तर बनाया था, लेकिन 17 फरवरी को यह गिरकर 2,28,783 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। यानी ऊपरी स्तर से बड़ा करेक्शन देखने को मिला है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में कीमतों पर दबाव जारी रह सकता है।
कितना गिर सकता है भाव
केडिया एडवाइजरी के निदेशक अजय केडिया के अनुसार वैश्विक हालात सामान्य रहे तो जून-जुलाई तक चांदी का भाव 2 लाख रुपये से नीचे, करीब 1.90 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक जा सकता है। हालांकि औद्योगिक मांग कीमतों को कुछ सहारा दे सकती है, लेकिन मजबूत डॉलर और भू-राजनीतिक तनाव में कमी से कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है।
महत्वपूर्ण स्तर 2.25 लाख
चॉइस ब्रोकिंग की कमोडिटी विश्लेषक कावेरी मोरे के मुताबिक हाल में चांदी में करीब 5.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई। एशियाई बाजारों में छुट्टियों के कारण लिक्विडिटी कम रहने से गिरावट तेज हुई। उन्होंने बताया कि 2,25,000 रुपये का स्तर काफी महत्वपूर्ण है और इसके नीचे टिकने पर गिरावट और बढ़ सकती है।
वैश्विक संकेतों का असर
अमेरिका के कमजोर महंगाई आंकड़ों के कारण ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद बनी है। इससे डॉलर और बॉन्ड यील्ड में उतार-चढ़ाव होता है, जिसका सीधा असर सोना और चांदी जैसी धातुओं पर पड़ता है। वहीं सीएफटीसी की 9 फरवरी 2026 तक की रिपोर्ट के अनुसार नॉन कमर्शियल ट्रेडर्स ने सिल्वर फ्यूचर्स में अपनी नेट लॉन्ग पोजिशन घटाकर दो साल के निचले स्तर पर ला दी है, जिससे बाजार में सतर्कता का माहौल बना हुआ है।



