केरल में शशि थरूर के काफिले पर हमला, गनमैन और ड्राइवर से मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। केरल के मलप्पुरम जिले में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले को रोककर उनके गनमैन और ड्राइवर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे वांडूर क्षेत्र के थिरुवाली इलाके में चेल्लिथोड के पास हुई। शशि थरूर कांग्रेस नेता ए.पी. अनिल कुमार के चुनाव प्रचार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वांडूर जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, संकरी सड़क पर पुल के पास रास्ता अवरुद्ध था। काफिले के आगे चल रहे वाहन को आगे बढ़ाने के लिए गनमैन रतीश के.पी. ने संकेत दिया। इसी दौरान दो वाहनों में सवार पांच लोगों के समूह ने काफिले को रोक लिया।
जब गनमैन ने रास्ता साफ कराने की कोशिश की, तो आरोपियों ने गनमैन और ड्राइवर के साथ मारपीट की। घटना के बाद गनमैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
वांडूर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे किसी प्रकार की राजनीतिक रंजिश या साजिश तो नहीं है।



