सोलर प्रोजेक्ट के नाम पर वरिष्ठ वकील से 1.33 करोड़ की ठगी, मामला दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक वरिष्ठ वकील के साथ सोलर लाइट प्रोजेक्ट दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने झांसा देकर उनसे करीब 1 करोड़ 33 लाख रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौबे कॉलोनी निवासी विनीत तिवारी, जो पिछले 32 वर्षों से वकालत कर रहे हैं, को उनके एक जूनियर के माध्यम से भावेश जैन, गोपाल वैष्णव और संतोष कर्ण से परिचय कराया गया। आरोपियों ने डोंडीलोहारा क्षेत्र में 1000 सोलर पोल लगाने का काम दिलाने का प्रस्ताव दिया और इसमें मोटा मुनाफा होने का भरोसा दिलाया।
विश्वास दिलाने के लिए आरोपी वकील को जनपद पंचायत कार्यालय ले गए, जहां एक अधिकारी से मुलाकात कराई गई। वहां काम मिलने की सहमति जैसी बात कही गई, जिससे पीड़ित को योजना वास्तविक लगी। इसके बाद तिफरा बस स्टैंड के पास वर्क ऑर्डर दिलाने के नाम पर पहले 10 लाख रुपये लिए गए।
आरोपियों ने इसके बाद अलग-अलग किश्तों में कुल 1 करोड़ 33 लाख 64 हजार रुपये ले लिए। जब पीड़ित ने मौके पर काम शुरू करने की कोशिश की, तो डोंडीलोहारा के अधिकारियों ने ऐसे किसी प्रोजेक्ट से इनकार कर दिया। तब जाकर पूरे मामले का खुलासा हुआ कि टेंडर पूरी तरह फर्जी था।
पीड़ित की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने संतोष कर्ण, गोपाल वैष्णव समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।



