मिट्टी के बर्तन बेचकर चलता है गुजारा, टैक्स विभाग ने थमाया सवा करोड़ का नोटिस, कुम्हार बोला- मैं साजिश का शिकार

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में मिट्टी के बर्तन बनाने वाले एक कुम्हार को 1 करोड़ 25 हजार रुपये से अधिक का जीएसटी नोटिस मिलने से हड़कंप मच गया है। कुम्हार मोहम्मद शहीद को डाक के माध्यम से नोटिस मिला। वह अशिक्षित हैं, इसलिए उन्होंने किसी अन्य व्यक्ति से नोटिस पढ़वाया, तब उन्हें कर राशि की जानकारी हुई।
मोहम्मद शहीद हरचंदपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं और परिवार के साथ पुश्तैनी तौर पर कुल्हड़, मिट्टी के बर्तन और खिलौने बनाकर गुजर-बसर करते हैं। केंद्रीय माल एवं सेवा कर एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क, वैशाली प्रभा मंडल हाजीपुर की ओर से उन्हें 1 करोड़ 25 हजार 297 रुपये का नोटिस जारी किया गया है। नोटिस मिलने के बाद परिवार सदमे में है।
मोहम्मद शहीद ने आरोप लगाया है कि उनके पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी फर्म बनाई गई है। उन्होंने किसी भी तरह की साझेदारी या बड़े कारोबार से इनकार करते हुए मामले की जांच और न्याय की मांग की है।
रघुवीरगंज बाजार स्थित उनके साधारण घर और कार्यस्थल को देखकर आर्थिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। परिवार का कहना है कि एक अनपढ़ व्यक्ति के लिए करोड़ों रुपये का कारोबार करना संभव नहीं है।



