राजनांदगांव में सांई सट्टा ऐप का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार, फार्महाउस से लैपटॉप-मोबाइल जब्त

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में महादेव के बाद सांई सट्टा ऐप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित होने का मामला सामने आया है। आईपीएल शुरू होते ही सट्टेबाज सक्रिय हो गए थे। राजनांदगांव पुलिस ने सोमवार को एक हाईटेक ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया। फार्महाउस में अवैध तरीके से सट्टा रैकेट संचालित हो रहा था। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, फार्महाउस में छापेमारी के दौरान यह सामने आया कि यह रैकेट “सांई ऐप” के माध्यम से हर बॉल और ओवर पर लाखों रुपये का दांव लगवा रहा था। कोड वर्ड में सट्टा लिखा जा रहा था और पूरा नेटवर्क मोबाइल, लैपटॉप तथा अन्य डिजिटल उपकरणों के जरिए संचालित हो रहा था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से दो लैपटॉप, एक टैबलेट, सात मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, तीन चार्जर और एक हजार रुपये नगद जब्त किए हैं। सट्टा-पट्टी में करीब 9 लाख 20 हजार रुपये का हिसाब दर्ज मिला है, जबकि कुल जब्ती की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
कार्रवाई में कुल सात आरोपियों की पहचान की गई, जिनमें से पांच को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में वीरू प्रजापति, रूपेश पाण्डे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन और लक्की देवांगन शामिल हैं। फरार आरोपियों में मूलचंद देवांगन और नागपुर निवासी सादिक खान शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 8, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 112 (संगठित अपराध) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




