रायपुर में संदिग्ध पार्सल से 16 लाख नकद बरामद, ट्रेवल्स ऑफिस पर पुलिस की दबिश

रायपुर। राजधानी में संदिग्ध पार्सल से बड़ी रकम मिलने का मामला सामने आया है। न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने अशोका मिलेनियम प्लाजा स्थित हंस ट्रेवल्स कार्यालय में दबिश देकर 16 लाख रुपए नगद जब्त किए हैं। मामले की जांच जारी है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कोलकाता से दिल्ली भेजे जा रहे एक पार्सल में संदिग्ध सामग्री है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल के निर्देश पर टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान तीन सफेद बोरों में भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। इसमें 20 रुपये के 400 बंडल और 10 रुपये के 800 बंडल शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत 16 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने रकम जब्त कर बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मामले की जानकारी आयकर विभाग को भेजी गई है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि रकम किसकी है और इसे किस उद्देश्य से भेजा जा रहा था।



