सुकमा में ज्वेलरी शॉप में लूट की वारदात तीन घंटे में सुलझी, मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

सुकमा। जिले में बीती रात दुर्गा ज्वेलर्स में हुई बड़ी लूट की वारदात का पुलिस ने सिर्फ तीन घंटे में खुलासा कर दिया। हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों द्वारा अंजाम दी गई इस वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर करीब 12 लाख रुपये के आभूषण, पिस्टल, चाकू, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना का मास्टरमाइंड सुकमा निवासी अंकित राय है, जिसने मध्यप्रदेश से अपने साथियों को बुलाकर पूरी साजिश रची थी।
दुकानदार को हथियार दिखाकर लूट की वारदात
एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि 4 दिसंबर की रात करीब 08:30 बजे सुकमा मेन रोड स्थित दुर्गा ज्वेलर्स में नकाबपोश आरोपी लूट की नीयत से घुसे। आरोपियों ने दुकानदार को पिस्टल दिखाकर आभूषण लूटे और फरार होने लगे। इसी दौरान एक आरोपी को मौके पर ही लूटे गए आभूषण सहित पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और घटना का निरीक्षण किया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तुरंत विशेष टीम गठित की गई। जिले के सभी बाहरी प्रवेश मार्गों पर नाकेबंदी की गई और कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की गई।
सघन तलाश के बाद तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते महज तीन घंटे में वारदात में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से लूटे गए आभूषण और हथियार भी बरामद हुए।
इस तरह बनाई गई लूट की योजना
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि घटना का मास्टरमाइंड अंकित सरकार है, जो मादक पदार्थ की तस्करी में भी शामिल है। लूट की योजना बनाते हुए उसने अपने साथियों कोमल सिंह और आर्यन को 1 दिसंबर को सुकमा बुलाया और उन्हें अपने किराए के कमरे में ठहराया।
तीनों ने मिलकर दुर्गा ज्वेलर्स की कई दिनों तक रेकी की और 4 दिसंबर की रात वारदात को अंजाम दिया। योजना के अनुसार, अंकित मोटरसाइकिल से आसपास की गतिविधियों पर निगरानी करता रहा, जबकि आर्यन और कोमल नकाब पहनकर पिस्टल और चाकू के साथ दुकान में घुसे और आभूषण लूट लिए।
कानूनी कार्रवाई जारी
आरोपियों के खिलाफ धारा 309(6), 311, 332(बी), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा हेतु अदालत में पेश किया जाएगा।



