एनएच-43 पर सड़क हादसा, महिला समेत दो की मौत, दो घायल

अनूपपुर। जिले के कोतमा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर सलीम ढाबा के पास गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने डीजल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार सवार महिला और चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शहडोल से मनेंद्रगढ़ की ओर जा रही कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में 40 वर्षीय दुलारे शर्मा और गीता पनिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 64 वर्षीय हरिशंकर चतुर्वेदी और 33 वर्षीय मीना देवांगन गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मनेंद्रगढ़, छत्तीसगढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं।
टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों सहित डीजल को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर किया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने बहाल कराया। मामले की जांच जारी है।



