नवा रायपुर में सड़क हादसा, बाइक डिवाइडर से टकराई, युवक की मौत

रायपुर। नवा रायपुर के सीबीडी स्टेशन के सामने बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद युवक सड़क पर ही पड़ा रहा। वहां से गुजर रहे लोगों ने उसकी मदद की और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। करीब 40 मिनट बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को राखी स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अक्षय धकाते के रूप में हुई है, जो नागपुर का निवासी था और नवा रायपुर के सेक्टर 30 में रहकर यूनियन बैंक में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि 11 मार्च की रात करीब 12 बजे वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सीबीडी स्टेशन के सामने उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की जांच जारी है।


