रेल यात्रियों के लिए राहत: निपनिया-भाटापारा सेक्शन में ब्लॉक खत्म, बहाल होंगी सभी रद्द ट्रेनें

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के निपनिया-भाटापारा सेक्शन में निर्माण कार्य पूरा हो चुका। ये खबर यात्रियों के लिए राहत भरी है। प्रभावित ट्रेने 17 और 19 अप्रैल से फिर बहाल होगी।
दरअसल, निपनिया-भाटापारा सेक्शन के मध्य रोड अंडरब्रिज निर्माण का काम चल रहा। इसलिए, रेलवे ने ट्रैफिक सह पावर ब्लॉक लिया था। निर्माण कार्य के चलते पिछले कुछ दिनों से कई पैसेंजर ट्रेनों का संचालन बंद था, जबकि कुछ ट्रेनें बीच रास्ते में समाप्त कर दी गई। ब्लॉक के कारण नौकरीपेशा और आम यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। ब्लॉक समाप्त होते ही पटरियों को परिचालन के लिए फिट घोषित कर दिया गया है। 17 अप्रैल से प्रभावित ट्रेनों का संचालन क्रमिक रूप से शुरू हो जाएगा और 19 अप्रैल तक सभी गाड़ियां अपने पूर्व निर्धारित समय और रूट के अनुसार चलने लगेंगी। ट्रेनों के बहाल होने से रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर यात्रियों का दबाव कम होगा और आवागमन सुगम हो जाएगा।



