अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा, 31 मार्च तक नक्सलवाद मुक्त क्षेत्र बनाने की कोशिश

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे पर राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 31 मार्च 2026 से पहले की यह अंतिम बड़ी बैठक है। इस बैठक में LWE (Left Wing Extremism) प्रभावित प्रदेशों के डीजीपी और पुलिस अधिकारी शामिल होंगे।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इस बैठक के दो मुख्य एजेंडे हैं। पहला, 31 मार्च तक पूरी तरह से सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्त कैसे किया जाए, और दूसरा, बस्तर के रुके हुए विकास को कैसे पुनः गति दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर में विकास की शुरुआत “लाइवलीहुड” के माध्यम से की जाएगी और इस दिशा में पनडुम कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जो सम्पूर्ण बस्तर के संवर्धन के लिए होगा।
राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पंजाब में दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भूपेश बघेल को पहले राहुल गांधी से पूछना चाहिए कि उन्होंने किसान को गद्दार कहा था, उस पर क्या कहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब में जाकर इस प्रकार की बात करने से पहले उन्हें राहुल गांधी से परामर्श करना चाहिए।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इस समय छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं। दौरे के दौरान, वे रायपुर के एक निजी होटल में विभागीय समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, पहली विभागीय समीक्षा बैठक सुबह 11 बजे से 12:45 बजे तक होगी, जबकि दूसरी बैठक 12:45 बजे से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी। दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक भोजन अवकाश रहेगा।



