मिशन वात्सल्य योजना के तहत संविदा पदों पर भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि 20 जनवरी

जगदलपुर। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित मिशन वात्सल्य योजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए शासकीय बाल देखरेख संस्थाओं में रिक्त पदों की पूर्ति हेतु आधिकारिक विज्ञापन जारी किया गया है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 20 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह भर्ती पूर्णतः संविदा आधार पर की जाएगी। भर्ती के अंतर्गत परामर्शदाता, स्टोर कीपर सह लेखापाल, पैरामेडिकल स्टाफ, पीटी इंस्ट्रक्टर सह योग प्रशिक्षक, कला एवं क्राफ्ट सह संगीत शिक्षक तथा सहायक सह रात्रि चौकीदार के पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पद और योग्यता के अनुसार 7,944 रुपये से 23,170 रुपये तक का एकमुश्त मासिक मानदेय दिया जाएगा।
परामर्शदाता के दो रिक्त पदों के लिए 23,170 रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित किया गया है। स्टोर कीपर सह लेखापाल के एक पद पर 18,536 रुपये मासिक वेतन मिलेगा। पैरामेडिकल स्टाफ के तीन पदों पर 11,916 रुपये प्रतिमाह मानदेय तय किया गया है। इसके अलावा पीटी इंस्ट्रक्टर सह योग प्रशिक्षक के चार पद और कला एवं क्राफ्ट सह संगीत शिक्षक के दो पदों के लिए 10,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित है। सहायक सह रात्रि चौकीदार के एक पद के लिए 7,944 रुपये प्रतिमाह भुगतान किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना अनिवार्य है, जिसके लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के बजाय मेरिट के आधार पर किया जाएगा। इसमें शैक्षणिक योग्यता के अंकों को 70 प्रतिशत, अनुभव को अधिकतम 10 अंक तथा साक्षात्कार या कौशल परीक्षा को 20 अंक का भार दिया जाएगा।
आवेदक की आयु 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। राज्य शासन के नियमों के अनुसार आरक्षित वर्गों को आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन पत्र कार्यालय में सीधे स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन केवल पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जगदलपुर के पते पर भेजे जा सकते हैं। विलंब से प्राप्त या अपूर्ण आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, शर्तें और आवेदन प्रारूप बस्तर जिले की आधिकारिक वेबसाइट bastar.gov.in पर उपलब्ध हैं।



