रतनपुर पदयात्रा आज: शाम 4 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश बंद, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ड्रोन से होगी निगरानी

बिलासपुर। चैत्र नवरात्रि की सप्तमी और अष्टमी की रात महामाया देवी के दर्शन के लिए पदयात्री श्रद्धालु आज शाम से रवाना होंगे। इसे देखते हुए बिलासपुर-रतनपुर मार्ग पर शाम 4 बजे से भारी वाहनों की एंट्री बंद कर दी जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरे मार्ग पर विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस द्वारा पेट्रोलिंग के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं, जो लगातार गश्त करेंगी। साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बिलासपुर से रतनपुर तक करीब 25 किलोमीटर मार्ग पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शाम 4 बजे के बाद रतनपुर जाने वाले सभी भारी वाहनों को रोका जाएगा, ताकि पदयात्रियों को सुरक्षित और सुगम रास्ता मिल सके।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि पदयात्रा के दौरान हुड़दंग, तेज रफ्तार बाइक स्टंट या किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ब्रीथ एनालाइजर के साथ पुलिस टीम विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेगी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यात्रा के दौरान सुरक्षा बनाए रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या विवाद की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एंबुलेंस और क्विक रिस्पांस टीम भी उपलब्ध रहेगी।



