भाजपा स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने किया ध्वजारोहण, कार्यकर्ताओं को दी शुभकामनाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने विधिवत ध्वजारोहण किया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा और संगठन की मजबूती ही उसे लगातार आगे बढ़ा रही है। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद छत्तीसगढ़ पर सदैव बना रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने जिस दूरदृष्टि और कल्पना के साथ छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था, उनकी सरकार उसी दिशा में कार्य करते हुए उनके सपनों को साकार करने का प्रयास कर रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने अमित जोगी को आजीवन कारावास की सजा पर प्रतिक्रिया देते हुए हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि देर आए, दुरुस्त आए और न्यायालय का निर्णय उचित है।
पश्चिम बंगाल के आगामी चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हाल ही में उनके दौरे के दौरान वहां जनता में ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ आक्रोश देखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है और महिलाओं की सुरक्षा भी चिंता का विषय बनी हुई है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा है और आगामी चुनाव में पार्टी को सफलता मिलेगी।



