कोल माइंस ब्लास्टिंग से खतरे में रामगढ़ पहाड़ी, टीएस सिंहदेव ने CM साय को लिखा पत्र…

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की ऐतिहासिक रामगढ़ पहाड़ी खनन गतिविधियों की वजह से संकट में है। बताया जा रहा है कि पास के कोल माइंस में हो रही ब्लास्टिंग के कारण पूरी पहाड़ी हिलने लगी है, जिससे इसके संरक्षण पर खतरा मंडराने लगा है।
टीएस सिंहदेव ने लिखा पत्र...
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर पहाड़ी के संरक्षण की मांग की है। सिंहदेव ने पत्र में उल्लेख किया है कि रामगढ़ पहाड़ी का गहरा पुरातात्विक और धार्मिक महत्व है। इसे माता सीता और भगवान राम का निवास स्थल माना जाता है। ऐसे में इसे बचाना छत्तीसगढ़ की संस्कृति और आस्था की रक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

स्थानीय लोगों की चिंता...
रामगढ़ की पहाड़ी में भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का प्राचीन मंदिर स्थित है, जहां हर साल सरगुजा सहित आसपास के राज्यों से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। इसके अलावा यहां स्थित सीता बेंगरा गुफा को पुरातत्व विभाग ने संरक्षित स्मारक घोषित किया है। लेकिन कोल माइंस की ब्लास्टिंग से मंदिर की दीवारें और पूरी पहाड़ी तक प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही कंपन से पहाड़ी का अस्तित्व खतरे में है। लोगों की मांग है कि कोल माइंस का विस्तार रोका जाए और रामगढ़ की पहाड़ी को संरक्षित किया जाए।