रेप और हत्या के मामले में सजा काट रहा राम रहीम फिर जेल से बाहर, 40 दिन की पैरोल मंजूर

रोहतक। रेप और हत्या के मामलों में सजा काट रहा डेरा सच्चा सिरसा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आएगा। रोहतक की सुनारिया जेल में बंद राम रहीम को शनिवार शाम 40 दिन की पैरोल मंजूर की गई है। यह पैरोल उसे डेरा सच्चा सिरसा जाने के लिए दी गई है।
गौरतलब है कि दो साध्वियों से रेप और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में गुरमीत राम रहीम वर्ष 2017 से रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है।
राम रहीम को इससे पहले अगस्त 2025 में भी 40 दिन की पैरोल दी गई थी। यह 14वां मौका था जब उसे पैरोल मिली थी। वहीं, इससे पहले 9 अप्रैल को वह 21 दिन की फरलो पर जेल से बाहर आया था और सिरसा स्थित डेरे में ठहरा था।
गुरमीत राम रहीम को बार-बार मिल रही पैरोल और फरलो को लेकर आमजन के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोगों का कहना है कि रेप और हत्या जैसे गंभीर मामलों में सजा काट रहे व्यक्ति को बार-बार रियायत क्यों दी जा रही है। हालांकि इस बार 40 दिन की पैरोल दिए जाने के कारणों को लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।



