राजनांदगांव कलेक्टर का बड़ा एक्शन: काम में लापरवाही बरतने वाले राजस्व निरीक्षक पर गिरी निलंबन की गाज

राजनांदगांव। जिले में प्रशासनिक कसावट लाते हुए कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने खैरझिटी राजस्व निरीक्षक मंडल के आरआई अवधराम ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सरकारी कामकाज में घोर लापरवाही और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की लगातार अवहेलना करना अधिकारी को भारी पड़ गया है। लंबे समय से सीमांकन के मामलों को दबाकर रखने और जनसामान्य को परेशान करने की शिकायतों के बाद यह सख्त कदम उठाया गया है। जांच में पाया गया कि राजस्व निरीक्षक ने अपने क्षेत्र के महत्वपूर्ण प्रकरणों में कोई प्रगति नहीं दिखाई जिससे आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए साहब: अब मुख्यालय में काटनी होगी निलंबन की अवधि
अनुविभागीय अधिकारी की जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने के बाद राजस्व निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया था। प्रशासन के सामने संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने में नाकाम रहने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का चाबुक चला है। कलेक्टर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनहित के कार्यों में देरी और आदेशों की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निलंबन की इस पूरी अवधि के दौरान अवधराम ठाकुर का मुख्यालय जिला कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा निर्धारित किया गया है जहां उन्हें अपनी उपस्थिति देनी होगी।



