असम में राजधानी एक्सप्रेस हादसे का शिकार, हाथियों के झुंड से टकराने पर इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतरे

होजाई। असम के होजाई जिले में शुक्रवार देर रात सायरंग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई। ट्रेन हाथियों के एक झुंड से टकरा गई, जिससे इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में आठ हाथियों की मौत हो गई, जबकि एक हाथी घायल बताया जा रहा है। रेलवे के अनुसार, घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस शुक्रवार रात करीब 2.17 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे में इंजन और पांच कोच पटरी से उतर गए, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित हैं। नगांव के संभागीय वन अधिकारी सुहाश कदम ने बताया कि यह घटना होजाई जिले के चांगजुराई क्षेत्र में हुई है। वन विभाग और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत व बहाली कार्य में जुटे हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित जमुनामुख–कामपुर खंड से गुजरने वाली ट्रेनों को अप लाइन से संचालित किया जा रहा है और रेल यातायात को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। सायरंग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस मिजोरम के सायरंग स्टेशन को दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से जोड़ती है।
पटरी से उतरने और ट्रैक पर हाथियों के शव व अवशेष बिखरे होने के कारण ऊपरी असम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों के लिए ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। प्रभावित कोचों के यात्रियों को ट्रेन के अन्य डिब्बों में खाली बर्थ पर अस्थायी रूप से ठहराया गया है। गुवाहाटी पहुंचने के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे, जिसके बाद ट्रेन आगे की यात्रा शुरू करेगी।
बताया गया है कि यह घटना ऐसे क्षेत्र में हुई, जो हाथियों के लिए चिन्हित कॉरिडोर नहीं है। लोको पायलट ने पटरियों पर हाथियों के झुंड को देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन इसके बावजूद ट्रेन हाथियों से टकरा गई, जिससे यह गंभीर हादसा हुआ।



