Raipur Steel Plant Blast: रायपुर के स्टील प्लांट में जोरदार ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग, आसमान में छाया काले धुएं का गुब्बार

रायपुर/आरंग। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इस वक्त एक बेहद बड़ी और डराने वाली खबर सामने आ रही है। रायपुर जिले के आरंग इलाके में स्थित एक स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह जोरदार ब्लास्ट (Blast in Steel Plant) हो गया। धमाका इतना तेज था कि इसके तुरंत बाद प्लांट में भीषण आग लग गई। इस हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। आग कितनी भयानक है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसमान में उड़ता काले धुएं का गुब्बार कई किलोमीटर दूर से ही साफ दिखाई दे रहा है।

यह पूरी घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ‘मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट’ (Mivan Steel Limited) की है।
सुबह-सुबह हुआ जोरदार धमाका (Raipur Fire Incident)
मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे मिवान स्टील प्लांट के भीतर अचानक एक जोरदार धमाका हुआ। जब तक वहां मौजूद कर्मचारी कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने प्लांट के एक बहुत बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री से धुआं और आग उठती देख आस-पास के ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।
हादसे की खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड (Fire Brigade) की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना की गईं। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।
मौके पर अफसर मौजूद, जांच जारी (CG Crime and Accident Updates)
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन की टीम भी तुरंत मौके पर पहुंच गई है। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। मामले की जानकारी देते हुए तहसीलदार विनोद साहू ने बताया कि मिवान स्टील प्लांट में आग लगने की खबर मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया है। दमकल, पुलिस और राजस्व की टीम मौके पर ही तैनात है।
राहत की बात यह है कि अभी तक इस हादसे में किसी के हताहत होने या किसी की जान जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग किस वजह से लगी और इसमें कितने का नुकसान हुआ है, इसका सही पता जांच के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पूरी टीम का फोकस आग को पूरी तरह बुझाने पर है।



