रायपुर पुलिस ने राजस्थान से दो साइबर ठगों को किया गिरफ्तार, ऑनलाइन ठगी का खुलासा

रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान से दो साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों पर फर्जी लिंक के माध्यम से ऑनलाइन ठगी करने का आरोप है। ये आरोपी Winmate और Wingo जैसे संदिग्ध ऐप के जरिए एंड्रॉइड यूजर्स को निशाना बनाते थे और उनके मोबाइल से फर्जी एसएमएस भेजकर बैंक खातों से रकम चुराते थे।
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज, अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल (20) निवासी ग्राम डोलीकला, बाड़मेर (राजस्थान) और नरसिंह सिंह (24) निवासी भोपालगढ़, जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
कैसे हुआ खुलासा
धर्मेंद्र सिंह नामक व्यक्ति ने थाना विधानसभा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर “RTOechallan” नाम से एक एसएमएस आया था, जिसमें दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 4.52 लाख रुपये कट गए। इसके बाद रेंज साइबर थाना ने जांच शुरू की और गूगल, बैंकिंग ट्रांजेक्शन, मोबाइल सेवा प्रदाता, यूट्यूब और टेलीग्राम से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें राजस्थान में दबिश देकर गिरफ्तार किया।
आरोपियों का ठगी का तरीका
पुलिस के अनुसार, आरोपी यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर “Task Complete”, “Instant Bonus”, “Referral Bonus” जैसे आकर्षक प्रलोभन देकर Winmate और Wingo जैसे ऐप डाउनलोड करवाते थे। ये ऐप्स प्ले स्टोर या ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं होते थे। ऐप इंस्टॉल करते ही यूजर को बोनस राशि दिखाने का लालच दिया जाता था और “SMS Task” के नाम पर यूजर के मोबाइल से फर्जी ई-चालान और संदिग्ध लिंक भेजे जाते थे। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो जाता था और बैंक खातों या ई-वॉलेट से पैसे निकाल लिए जाते थे।
ठगी की रकम छिपाने के लिए ऑनलाइन शॉपिंग
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ठगी की रकम को छिपाने के लिए Swiggy और Instamart जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से महंगे सामान की ऑनलाइन खरीदारी करते थे, जिन्हें विभिन्न राज्यों में डिलीवर किया जाता था। इससे पैसों का ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था।
इससे पहले भी WinGo ऐप के जरिए ठगी करने के आरोप में तीन अन्य आरोपियों को महाराष्ट्र, ओडिशा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया जा चुका है।



