शराब दुकान में नौकरी का झांसा, युवक से ₹4.50 लाख की ठगी; दो आरोपियों पर केस दर्ज…

रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में शराब दुकान में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता शिवधन सागर ने बताया कि सितंबर 2025 में योगेश साहू और दिलीप यादव ने छत्तीसगढ़ की शराब दुकानों में सेल्समैन और सुपरवाइजर के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इस दौरान दोनों ने अलग-अलग किस्तों में कुल 4 लाख 50 हजार रुपये ले लिए।
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे एक नियुक्ति पत्र भी सौंपा था, लेकिन बाद में जांच में वह कथित तौर पर फर्जी निकला। जब नौकरी नहीं मिली तो उसने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। इसके बाद उसने पुलिस की शरण ली।

शिकायत के आधार पर खम्हारडीह थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 336(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, कथित नियुक्ति पत्र और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।




सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों में शामिल दिलीप यादव के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पुलिस इस मामले में सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है।



