रायपुर अस्पताल हादसा: परिजनों को 30 लाख की सहायता और नौकरी का आश्वासन, ठेकेदार किशन सोनी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायपुर। राजधानी के रामकृष्ण केयर अस्पताल में हुए हादसे में तीन सफाई कर्मचारियों की मौत के मामले में पुलिस ने 24 घंटे बाद एफआईआर दर्ज की है। टिकरापारा थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में सफाई ठेकेदार किशन सोनी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा के तहत कार्रवाई की गई है।
घटना के बाद Hardeep Singh Gill रायपुर पहुंचे और उन्होंने मृतक कर्मचारियों के परिजनों से मुलाकात की। संतोषी नगर स्थित बीएसयूपी कॉलोनी और सिमरन सिटी में परिवारजनों से बातचीत कर उन्होंने घटना की जानकारी ली और संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और परिजनों से बातचीत के दौरान हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी ली गई। इसके बाद उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल प्रबंधन से भी चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आने की बात कही गई। उन्होंने सवाल उठाया कि रात के समय सफाई कार्य की अनुमति क्यों दी गई और यदि काम कराया जा रहा था तो नगर निगम को इसकी सूचना क्यों नहीं दी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार मृतक कर्मचारियों के परिजनों को 30 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। साथ ही परिवारों के पुनर्वास और रोजगार से संबंधित जिम्मेदारियां भी शासन द्वारा पूरी की जाएंगी।
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने कहा है कि यदि इस मामले में आगे कोई शिकायत सामने आती है, तो निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



