रायपुर: शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों को 31 जनवरी तक अचल संपत्ति विवरण SPARROW पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश

रायपुर। सामान्य प्रशासन विभाग (साप्रवि) ने राज्य के सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को वर्ष 2025 के लिए चल-अचल संपत्ति का विवरण 31 जनवरी 2026 तक एनआईसी के SPARROW पोर्टल पर अपलोड करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
शासन द्वारा जारी आदेश में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 19(1) का हवाला देते हुए कहा गया है कि प्रत्येक शासकीय सेवक को अपनी अचल संपत्ति का वार्षिक विवरण प्रतिवर्ष 31 जनवरी तक प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
जनवरी 2026 से सचिवालय सेवा के सभी प्रथम/द्वितीय श्रेणी अधिकारियों तथा तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को कैलेंडर वर्ष 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक धारित अचल संपत्ति का विवरण SPARROW पोर्टल (epar.cg.gov.in) के माध्यम से अनिवार्य रूप से अपलोड करना होगा।
विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने पदस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों को समय सीमा में विवरण प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित करें। नियमों का पालन न करने पर कार्रवाई की जा सकती है।



