रायपुर फायरिंग केस: दूसरी साली की भी मौत, आरोपी ने खुद किया सरेंडर

रायपुर. मोवा थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में बड़ा अपडेट सामने आया है। अस्पताल में भर्ती दूसरी साली दुर्गेश्वरी ने बुधवार सुबह दम तोड़ दिया। इससे पहले गीतांजलि की मौके पर ही मौत हो गई थी। अब इस मामले में दो युवतियों की जान जा चुकी है।
मामला मोवा-पंडरी इलाके का है, जहां मंगलवार रात आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि बच्चों से मिलने को लेकर तनाव था। गुस्से में आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दोनों सालियों पर करीब तीन राउंड फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिस्टल जब्त कर ली और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के समय आरोपी नशे में था। डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के मुताबिक, यह घटना पारिवारिक विवाद के चलते हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


