Raipur Fire News: सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल ऑफिस में लगी आग, दमकल की टीम मौके पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बॉम्बे मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल ऑफिस में शनिवार सुबह आग लगने की घटना सामने आई। बैंक कार्यालय से धुआं निकलता देख कर्मचारियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया गया।
यह पूरा मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। आग लगने के बाद एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों को भी खाली करा लिया गया है। सुरक्षा को देखते हुए इलाके में लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह बैंक कार्यालय से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुएं का गुबार बढ़ने लगा। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रायपुर नगर निगम के पानी के टैंकर भी बुलाए गए हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल आग को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है।
हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा।
राहत की बात यह है कि अब तक किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। बैंक के अंदर मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा।
फिलहाल फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई हैं। घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।


